देश और पूरी दुनिया कोरोना के संक्रमण काल से गुजर रही है. लॉक डाउन के कारण कहीं भी आने जाने पर रोक है. कल तक जो पार्क, म्यूजियम, जू और मंदिर लोगों से गुलजार रहा करते थे आज वहां सन्नाटा पसरा है. कोरोना वायरस के डर से सभी अपने – अपने घरों में कैद हैं. महीनों से घर के अन्दर पड़े – पड़े बोर हो रहे हैं. ऐसे में घूमने – फिरने के शौकीन लोगों को घर बैठे सैर करने का अच्छा मौका इंटरनेट दे रहा है. विपरीत परिस्थितियों को देखते हुए पटना शहर के अधिकांश पर्यटन स्थल ऑनलाइन प्लेटफार्म पर एक्टिव होने लगे हैं. ऐसे में लॉकडाउन के कारण अगर आप भी महीनों से घर में बैठे – बैठे बोर हो रहे हैं तो अब टेंशन छोड़िए. आपको लेकर चलते हैं शहर पटना के वर्चुअल टूर पर….

पटना जू में ऑनलाइन कीजिए जानवरों संग मस्ती
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने पटनाइट्स की बोरियत को दूर करने के लिए अच्छी पहल की शुरुआत की है. संजय गांधी जैविक उद्यान यानी पटना जू को ऑनलाइन कर दिया गया है. यूट्यूब, फेसबुक, ट्विटर, इन्स्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से लोगों को यहां का वर्चुअल टूर कराया जा रहा है. लॉकडाउन के दौरान जब जू में लोगों की भीड़ नहीं आ रही है, तो यहां रहने वाले बाघ, हाथी, गैंडा, हिरण आदि जानवरों का दिन कैसे बीत रहा है. मगरमच्छ, दरियाई घोड़ा, जंगली भैंसा, डरावने – विषैले सांप इन सबकी जिंदगी लॉकडाउन में कैसे कट रही है, बच्चों को रोज नए – नए वीडियो के जरिए दिखाया जा रहा है. लोगों को ये खूब पसंद भी आ रहा है. तभी तो एक हफ्ते में करीब नौ लाख लोगों ने इसे अब तक देख लिया है.
अगर आप भी पटना जू घूमना चाहते हैं तो अपनी कार और बाइक की चाबी नहीं, बल्कि अपना मोबाइल या कंप्यूटर ऑन कीजिए. फिर जू के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल DEFCC OFFICIAL पर जाइए. यहां लॉकडाउन एपिसोड के रूप में कई वीडियो अपलोड किए जा रहे, जिसमें आप पशु-पक्षियों के अलग – अलग वीडियो देख सकते हैं.
एक क्लिक पर घूम आइए बिहार म्यूजियम
बिहार संग्रहालय ने भी अब खुद को ऑनलाइन कर दिया है. ऑनलाइन बिहार म्यूजियम घूमने के लिए आपको इसके ऑफिसियल वेबसाइट https://biharmuseum.org पर जाना होगा. यहां हर गैलरी के वीडियोज बनाकर अपलोड किए जा रहे हैं. साथ ही, पुराने जमाने के राज सिंहासन, प्राचीन सिक्के, जंगली जानवर और पक्षी से लेकर बिहार की कला – संस्कृति के बारे में भी जानने का मौका मिलेगा. इसके अलावे म्यूजियम की नयी गैलरी इतिहास सी में मनेर की दरगाह, मुग़लकाल की पेंटिंग और तोप का भी दर्शन बिना यहां आए कर सकते हैं.
बिहार संग्रहालय के बाद अब आपको ले चलते हैं पटना म्यूजियम. यहां के ऑफिसियल वेबसाइट पर आपको ऑनलाइन विरासतों से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री देखने को मिलेगी. संग्रहालय में संजोकर रखे गए महात्मा बुद्ध की अस्थि कलश, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के जीवन से जुड़ी चीजें, म्यूजियम की हर गैलरी में रखीं विरासतें और तोपों को भी देखने का मौका मिलेगा.





























